**12 अक्टूबर से लापता था छठी कक्षा का छात्र शिब्बू खान, कपड़ों के आधार पर परिजनों ने की पहचान की बात****रामनगर (पश्चिम चंपारण)।** रामनगर थाना क्षेत्र में एक लापता 13 वर्षीय छात्र का कथित तौर पर सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मेघवल राजकीय मध्य विद्यालय के छठी कक्षा के छात्र शिब्बू खान के रूप में बताई जा रही है। शव रामनगर के गोंदरा फार्म के पास बरामद होने की सूचना है।
शव का सिर धड़ से अलग बताया जा रहा है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान करने की बात कही है। हालांकि, पहचान की आधिकारिक पुष्टि और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।शव मिलने की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद मठिया में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शिब्बू खान बीते 12 अक्टूबर को विद्यालय से लापता हो गया था। बताया जाता है कि छुट्टी होने से पहले वह अपनी किताबें विद्यालय में रखकर कहीं चला गया, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद छात्र के पिता अमानुल्लाह खान ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जानकारी दी थी। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
