……बेतिया के स्टेशन चौक पर तस्करी की बड़ी खेप जब्त, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.22 करोड़ रुपये कीमत का अनुमान.
**नरेंद्र पांडेय | वाल्मीकि एक्सप्रेस, बगहा, पश्चिम चंपारण।**
बेतिया पश्चिम चंपारण जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह स्टेशन चौक के पास 113 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने एक सफेद लग्जरी कार से गांजे की सात बड़ी बंडलें जब्त की हैं।

बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत पसराइन निवासी मो. सहीम उर्फ मो. साहिल को गिरफ्तार किया है।
…….पुलिस को देखते ही भागने लगा चालक…..

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद कार से गांजे की बड़ी खेप बेतिया के रास्ते मोतिहारी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने छावनी इलाके में निगरानी शुरू की। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा।

इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। स्टेशन चौक के पास पुलिस की सरकारी गाड़ी ने संदिग्ध कार को टक्कर मारकर रोक दिया। कार रुकते ही पुलिस टीम ने चालक को पकड़ लिया। इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
……. सात बंडलों में छिपाकर रखा था गांजा…………
कार की तलाशी के दौरान अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के सात बड़े बंडल बरामद हुए। सदर अंचलाधिकारी पल्लवी कुमारी की मौजूदगी में गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 113 किलोग्राम निकला। बंडलों पर नेपाली भाषा में लिखावट मिलने के बाद पुलिस नेपाल से तस्करी के संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। हालांकि, गांजे के नेपाल से आने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
…. मोतिहारी पहुंचाई जानी थी खेप……………
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने दावा किया कि उसे छावनी इलाके के एक व्यक्ति ने गांजे की खेप दी थी और इसे मोतिहारी पहुंचाना था। इसके बदले उसे मोटी रकम देने का वादा किया गया था। पुलिस इस बयान का सत्यापन कर रही है। खेप देने वाले व्यक्ति और मोतिहारी में इसे प्राप्त करने वाले कथित व्यक्ति की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।
नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि गांजा और कार जब्त कर ली गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।
