बेतिया से आशीष पांडेय की रिपोर्ट….
बेतिया में इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची एक महिला की मौत के बाद गुरुवार को अस्पताल रोड में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सक के क्लिनिक में हंगामा किया। और मामले की जांच की मांग की।

मृतका नौतन थाना क्षेत्र के खापटोला निवासी सरस्वती देवी थीं।
मृतका के पति लाल बाबू प्रसाद के मुताबिक, पत्नी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए डॉ. दिलीप कुमार के क्लिनिक में लाया गया था। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक ने ईको कराने की सलाह दी थी। आरोप है कि सुबह करीब नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ईको नहीं हो सका। इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ती गई और इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक में हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
वहीं, चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने मरीज का सही तरीके से इलाज किया, बाकी ईश्वर की मर्जी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने प्रशासन से मामले में सहायता की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक मृतका का शव क्लिनिक में ही था। पुलिस के अनुसार, परिजनों से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
