बेतिया/मझौलिया से एसपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट…..
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के हरपुर गढ़वा पंचायत के वार्ड संख्या-18 में बुधवार की सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान हीरामन राम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हीरामन राम पिछले करीब चार महीनों से सोशल मीडिया के लिए रील बनाने में सक्रिय थे। इसी बात को लेकर उनके छोटे भाई विश्वनाथ राम के साथ अक्सर मतभेद होता रहता था। परिजनों के अनुसार बुधवार की सुबह इसी मुद्दे को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते विवाद और धक्का-मुक्की में बदल गई।

बताया जाता है कि विवाद के दौरान हीरामन राम वहां से भागने लगे। इसी क्रम में वे एक गड्ढे के समीप पानी में गिर गए। परिजनों का कहना है कि गिरने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है तथा आवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इसे एक मामूली विवाद से उपजी दुखद घटना बता रहे हैं। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
