नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार।
कुल 482 मतदाताओं में से 458 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत लगभग 95 प्रतिशत रहा। मतदान समाप्त होने के साथ ही 40 प्रत्याशियों का भाग्य अब मतपेटी में बंद हो गया है, जबकि पांच प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चला। मतदान को लेकर कचहरी परिसर में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। बड़ी संख्या में अधिवक्ता निर्धारित समय से पहले ही मतदान केंद्र पहुंच गए थे। मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं ने अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पूरे मतदान के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की सूचना नहीं मिली।
इस बार अध्यक्ष और महासचिव पद को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष द्विजेंद्र नाथ तिवारी, सुनील कुमार मिश्रा, शिव कुमार राव एवं केशव मिश्रा सहित कई प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं महासचिव पद के लिए राकेश महफूज आलम, विनोद कुमार प्रथम और राजेश कुमार द्विवेदी समेत अन्य उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।

इसके अलावा उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, सहायक सचिव, कोषाध्यक्ष, अंकेक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष तथा कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए भी चुनाव कराया गया।
मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें अब मतगणना पर टिकी हुई हैं। विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक मतदान प्रतिशत और माहौल को अपने पक्ष में बताते हुए जीत के दावे कर रहे हैं।
वरीय अधिवक्ता सह मुख्य चुनाव अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि कुल 458 अधिवक्ताओं ने मतदान किया है। गुरुवार को सुबह 11 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी तथा शाम तक सभी पदों के परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।

अब बगहा विधिज्ञ संघ के नए नेतृत्व को लेकर अधिवक्ताओं और प्रत्याशियों के बीच उत्सुकता चरम पर है। सभी की नजरें गुरुवार को होने वाली मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।
