लौरिया से आशीष पांडेय की रिपोर्ट..…
एनएच-727 पर मठिया चौक के पास गुरुवार को तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी महिला को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की बेतिया जीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। मृतका की पहचान योगापट्टी प्रखंड के शनिचरी थाना क्षेत्र के बकुचिया गांव के वार्ड-7 निवासी सफाजुल खान की पत्नी मुबीना खातून के रूप में हुई है।

बताया गया कि मुबीना खातून अपने पुत्र साहिल खान के साथ बाइक से इलाज कराने लौरिया सीएचसी जा रही थीं। मठिया चौक के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद साहिल अपनी मां को सड़क किनारे खड़ा कर पेट्रोल लेने चला गया। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने मुबीना को टक्कर मारते हुए कुचल दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप का पीछा कर पुलिस को सूचना दी। शनिचरी पुलिस ने वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची 112 की टीम घायल महिला को लौरिया सीएचसी ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेतिया रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि पिकअप जब्त कर ली गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।
