पडरौना/बांसी से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट….
पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के यूपी-बिहार सीमा पर स्थित बांसी पुल पर पति से विवाद के बाद एक महिला ने बांसी नदी में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय युवकों की मदद से महिला का शव नदी से बरामद किया गया।

मृतक महिला की पहचान खोतहवा पंचायत निवासी छेदी बांसफोर की 50 वर्षीय पत्नी तारा देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, छेदी बांसफोर अपनी पत्नी तारा देवी के साथ किसी काम से यूपी गए थे और पैदल वापस दहवा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद तारा देवी ने नदी में छलांग लगा दी।

घटना के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्महवा और दहवा के युवकों ने नदी में उतरकर महिला की तलाश शुरू की। नदी में जलकुंभी अधिक होने के कारण खोजबीन में काफी परेशानी हुई, लेकिन आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया गया।
शव को स्वजनों और ग्रामीणों के सहयोग से दहवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिस ने यूपी की घटना बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया, जिसके कारण शव घंटों तक सीएचसी के बाहर पड़ा रहा।

कुछ समाजसेवियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि नदी में डूबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और विवाद के कारणों का पता लगा रही है।
