बेतिया से आशीष पांडेय की रिपोर्ट…
बेतिया। मझौलिया प्रखंड की सेनुवरिया पंचायत के वार्ड-12 में गुरुवार को ‘श्री संत रविदास विकास शिविर’ का आयोजन किया गया। श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित ग्रामीणों के आवेदन लिए गए। कई समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिविर से दर्जनों ग्रामीण लाभान्वित हुए।

डीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ उनके टोले और पंचायत में ही पहुंचाना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे काम के लिए प्रखंड व जिला कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी होने पर शिविर में अपनी समस्या दर्ज कराएं।
डीएम ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन में इसकी सुविधा उपलब्ध है और शिविर में भी कार्यपालक सहायक मौजूद हैं।

शिविर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवास और शौचालय समेत अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए गए। एक ग्रामीण ने विवाह भवन निर्माण की मांग रखी, जिस पर डीएम ने बीडीओ को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। मौके पर मुखिया ज्योति श्रीवास्तव, बीडीओ राजीव रंजन समेत जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
