ब्यूरो रिपोर्ट नरेंद्र पांडेय बगहा बिहार…
बीईओ की दो टूक—विद्यालय में ड्रेस कोड और सामाजिक मर्यादा का रखें ख्याल, नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई
नरकटियागंज सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के पहनावे को लेकर शिक्षा विभाग ने अब सख्ती का रुख अपनाया है। जींस-टीशर्ट पहनकर विद्यालय आने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गुरुवार को रेलवे प्रवेशिका प्लस टू विद्यालय के सभागार में आयोजित गुरु गोष्ठी में बीईओ डॉ. संजय कुमार सिंह ने प्रधान शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यालय की गरिमा और सामाजिक मर्यादा के अनुरूप ही वस्त्र पहनकर आएं। ऐसे परिधान से बचें, जिससे विद्यालय की मर्यादा प्रभावित हो।
दो पालियों में हुई गुरु गोष्ठी में बीईओ ने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर भी कई कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक सुनिश्चित करना अनिवार्य है। लगातार कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।
बीईओ ने विद्यालय परिसर में सिगरेट, पान और खैनी के सेवन पर भी पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं अनुशासन का पालन करेंगे, तभी विद्यार्थियों में भी अनुशासन की भावना विकसित होगी।
उन्होंने पाठ्यक्रम के अनुसार समय पर सिलेबस पूरा कराने, कक्षा संचालन के लिए समय सारणी और शैक्षणिक कैलेंडर तैयार करने तथा पठन-पाठन को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। कहा कि यदि कोई शिक्षक कक्षा एक से पांच या छह से आठ तक की कक्षाएं पढ़ाने से इन्कार करता है और इससे पढ़ाई प्रभावित होती है तो प्रधान शिक्षक विवाद में न पड़ें, बल्कि इसकी तत्काल सूचना दें। कार्रवाई के लिए वे स्वयं विद्यालय पहुंचेंगे।
नामांकन बढ़ाने पर भी जोर देते हुए बीईओ ने प्रधान शिक्षकों को अभिभावकों से लगातार संपर्क करने और सरकारी विद्यालयों में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा बेहतर पठन-पाठन की व्यवस्था की जानकारी देने को कहा। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों को बच्चों के साथ कुछ समय विद्यालय में बैठकर पढ़ाई की व्यवस्था देखने के लिए भी प्रेरित करने का निर्देश दिया।
गोष्ठी में छमाही परीक्षा, बाढ़ प्रभावित विद्यालयों की सूचना, पोषण माह और स्वच्छता पखवाड़ा सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर भी दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर अनिल तिवारी, डॉ. अरविंद कुमार तिवारी, धारनीकांत मिश्र, मनीष राव, लेखापाल विवेकानंद, सुधार मिश्र, संजय यादव समेत प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधान शिक्षक मौजूद रहे।
