ब्यूरो रिपोर्ट बेतिया से धर्मेंद्र श्राफ….
बेतिया शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नगर निगम बेतिया ने रविवार को विशेष अभियान चलाया।
नगर निगम की टीम ने सागर पोखरा से कम्युनिस्ट पार्टी चौक होते हुए इमली चौक तथा इमली चौक से पीपल चौक होते हुए गणेश चौक तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर रखे गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए अतिक्रमणकारियों पर सख्ती जारी रहेगी।
वहीं नगर निगम ने दुकानदारों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें। अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन कर अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बेतिया बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
