बेतिया से धर्मेंद्र सर्राफ की रिपोर्ट……..
बेतिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) के औचक निरीक्षण में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। निरीक्षण के दौरान कई डॉक्टर ड्यूटी से गायब मिले, वहीं लैब में एक्सपायर ब्लड ट्यूब के इस्तेमाल का मामला भी उजागर हुआ।
जांच के लिए पहुंची विधानसभा की विशेष समिति ने अस्पताल की व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति ने पाया कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में भारी लापरवाही बरती जा रही है। डॉक्टरों की अनुपस्थिति, दवाओं की कमी और साफ-सफाई की बदहाली को लेकर समिति ने सवाल उठाए।
सूत्रों के अनुसार लैब में एक्सपायर हो चुके ब्लड सैंपल ट्यूब का उपयोग किया जा रहा था, जो मरीजों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। इस पर समिति ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
समिति ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विधानसभा अध्यक्ष को भेजी जाएगी। इसके बाद दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
इधर GMCH की लचर व्यवस्था को लेकर मरीजों और परिजनों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में न समय पर डॉक्टर मिलते हैं, न ही सही इलाज।
