.. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा- एलोपैथी के साथ आयुर्वेद को भी मिलेगा बढ़ावा, आयुष चिकित्सकों के सुझाव पर इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और रिसर्च की पहल।नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार………बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सोमवार को वाल्मीकिनगर स्थित महावना रिसोर्ट एवं कन्वेंशन सेंटर में आयोजित आयुष महाकुंभ-2026 के तहत ‘एनीमिया मुक्त भारत’ राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद वाल्मीकिनगर का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा रहा। हालांकि इससे पहले 3 मई 2026 को वे जदयू के युवा नेता के रूप में अपनी पहली सद्भाव यात्रा की शुरुआत करने वाल्मीकिनगर पहुंचे थे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आयुष चिकित्सकों ने भाग लिया और एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के साथ आयुष चिकित्सा पद्धति को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान आयुष चिकित्सकों ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं भी रखीं। चिकित्सकों ने कहा कि आयुर्वेदिक एवं अन्य आयुष चिकित्सकों को एलोपैथिक दवाएं लिखने का अधिकार नहीं है, जबकि सरकारी ड्यूटी के दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं, जब मरीज के हित में तत्काल दवा लिखना आवश्यक हो जाता है। ऐसे मामलों में विभाग की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि हमें केवल एलोपैथी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि आयुर्वेद सहित भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी समान रूप से विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए दवाओं की उपलब्धता, आधुनिक उपकरण, चिकित्सकों का प्रशिक्षण और आयुष चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने पर सरकार काम कर रही है।
