नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार………..
बगहा व्यवहार न्यायालय के एडीजे-4 मानवेंद्र मिश्र की अदालत ने गर्भवती महिला संध्या यादव की हत्या के मामले में उसके पति प्रमोद यादव उर्फ भुट्टी यादव को दोषी करार दिया है। वहीं, मामले में आरोपित मृतका की सास लीलावती देवी को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया है। अदालत ने दोषी पति के खिलाफ सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 20 नवंबर 2026 की तिथि निर्धारित की है।
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी मनु राव ने बताया कि न्यायालय में प्रस्तुत गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पति को दोषी पाया गया है।

जांच और सुनवाई के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हत्या के समय संध्या यादव गर्भवती थी। ऐसे में उसकी हत्या के साथ उसके गर्भ में पल रहे शिशु का जीवन भी समाप्त हो गया। उन्होंने बताया कि अभियोजन पक्ष ने मामले में सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य न्यायालय के समक्ष रखे, जिसके आधार पर फैसला आया है।
मामले के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना थाना क्षेत्र के अनरहवा नौका टोला निवासी गर्भन यादव ने अपनी 23 वर्षीय पुत्री संध्या यादव की शादी 5 जून 2025 को पिपरासी थाना क्षेत्र के चनकुहवा गांव निवासी प्रमोद यादव उर्फ भुट्टी यादव से हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज में कम सामान मिलने को लेकर संध्या को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप था कि पति प्रमोद यादव ने मायके पहुंचकर दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग भी की थी।

परिजनों के अनुसार, 11 सितंबर 2025 की सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि संध्या की तबीयत खराब है। जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो उसकी हत्या किए जाने की जानकारी मिली। मामले में पति, सास, देवर और ननद को आरोपित किया गया था।
अदालत ने सास लीलावती देवी को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दोषमुक्त कर दिया। वहीं, पति को धारा 103(1) और 91 के तहत दोषी करार देते हुए अन्य आरोपों से दोषमुक्त किया है। प्रमोद यादव फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। 20 नवंबर को सजा पर फैसला होगा।
