**शुभाश्रम हनुमानगढ़ी में साप्ताहिक नवाह्न अनुष्ठान के दौरान हुआ आध्यात्मिक प्रवचन, सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित**
नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार…………………
शुभाश्रम हनुमानगढ़ी। पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय के निज निवास स्थित शुभाश्रम हनुमानगढ़ी में आयोजित साप्ताहिक नवाह्न अनुष्ठान के अवसर पर संध्याकालीन प्रवचन कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति और अध्यात्म के रस में सराबोर हो गए। इस दौरान छपरा से पधारीं सुश्री प्रिया प्रियदर्शनी एवं प्रख्यात कथावाचक पंडित हेमंत तिवारी ने अहिल्या उद्धार की प्रसंगपूर्ण कथा सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ घनश्याम शांडिल्य के मंगलाचरण से हुआ। कथा व्यास पंडित हेमंत तिवारी ने भगवान श्रीराम द्वारा अहिल्या उद्धार के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि उद्धार के बाद जब प्रभु श्रीराम ने अहिल्या से पूछा कि अब वह कहां जाना चाहती हैं, तो उन्होंने अपने पति महर्षि गौतम के पास जाने की इच्छा जताई।
इस पर भगवान श्रीराम ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए पूछा कि जिन ऋषि ने तुम्हें श्राप दिया था, तुम उन्हीं के पास क्यों जाना चाहती हो? अहिल्या ने जवाब दिया कि प्रभु! जिनके श्राप के कारण मुझे आपका दर्शन प्राप्त हुआ, यदि उन्होंने आशीर्वाद दिया होता तो मुझे क्या कुछ प्राप्त नहीं होता। इस प्रसंग के माध्यम से कथावाचक ने श्रद्धा, समर्पण और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण का संदेश दिया।
वहीं, अपने संबोधन में अखिलेश शांडिल्य ने कहा कि पुस्तक से कहीं बड़ा ज्ञान का भंडार मनुष्य के मस्तिष्क में होता है। आवश्यकता है कि व्यक्ति अपने विवेक और समझ का सदुपयोग करे। उन्होंने श्रोताओं से अपील की कि कथा व्यास के विचारों को खुले मन और एकाग्रता से सुनें तथा उनमें निहित जीवनोपयोगी संदेशों को अपने आचरण में उतारकर जीवन को सार्थक बनाएं।
कार्यक्रम में यशवंत मणि, अरविंद तिवारी, उमेश यादव, धीरेंद्र मणि त्रिपाठी, दिनेश कुमार गुप्ता, गुलाब सैनी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में पूर्व प्राचार्य एवं योगिश मणि ने विधिवत आरती कराकर कार्यक्रम का समापन कराया।
