नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार……….
बगहा रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के दारोगा भागवत प्रसाद (57) की रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना मिलते ही जीआरपी महकमे और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। भागवत प्रसाद मूल रूप से भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के रहने वाले थे। वे करीब एक वर्ष से बगहा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी में तैनात थे और लगभग तीन साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।

बताया जाता है कि रविवार देर रात ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर स्टेशन के दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आरपीएफ के जवान उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान भोर में उनकी स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ, लेकिन सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बगहा पहुंचे। मृतक के छोटे भाई योगेश कुमार भी अस्पताल पहुंचे। योगेश कुमार स्वयं पटना में एसआई के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि भागवत प्रसाद चार भाइयों में एक थे और उनके चार बच्चे हैं। उनके एक बेटे की शादी हो चुकी है। दारोगा की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया।

जीआरपी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि मध्य रात्रि आरपीएफ से भागवत प्रसाद की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि भागवत प्रसाद पहले से बीमार चल रहे थे। सूचना मिलते ही हरिनगर और नरकटियागंज से चार जवानों को भेजा गया। वे स्वयं भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। पुलिस की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
