बेतिया से धर्मेंद्र श्राफ की ब्यूरो रिपोर्ट…*गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर किया हंगामा, सीसीटीवी से होगी आरोपी की पहचान*बिहार के बेतिया से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। घर से ट्रैक्टर के लिए डीजल लेने निकला 25 साल का युवक कभी घर वापस नहीं लौटा। बेतिया-जगदीशपुर मुख्य सड़क पर बेकाबू रफ्तार ने उसकी जिंदगी छीन ली।
मृतक की पहचान वरदाहा पंचायत के घोटा टोला निवासी रविंद्र सहनी के पुत्र रवी कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को रवी ट्रैक्टर के लिए डीजल लाने जगदीशपुर जा रहा था। इसी दौरान झखरा मुख्य हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
*ठोकर मारकर फरार हुआ दरिंदा चालक*
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। सड़क पर युवक का शव पड़ा देखते ही भीड़ जमा हो गई। परिजनों को जैसे ही खबर मिली, घर में कोहराम मच गया। कुछ देर पहले हंसता-खेलता घर से निकला बेटा अब सफेद कफन में था, यह देखते ही मां-बाप की चीखों से पूरा गांव दहल उठा।
बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रवी तीन भाइयों और एक बहन में था। घर का चिराग बुझने से पूरे गांव में मातम पसरा है।
*सड़क पर उतरे ग्रामीण, जाम-हंगामा*
युवक की दर्दनाक मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। उनकी एक ही मांग थी – हत्यारे वाहन का पता लगाओ। परिजनों ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए GMC बेतिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है।
