बगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट………
नेपाल में आए जल प्रलय का खौफनाक मंजर अब वाल्मीकिनगर गंडक नदी उगल रही है। सोमवार सुबह गंडक बराज के फाटक नंबर-4 से एक और त्रिवेणी तट से दो शव बरामद हुए हैं।
पिछले महीने तिब्बत-चीन सीमा पर बांध टूटने से आई प्रलय में सैकड़ों लोग लापता हुए थे। उन्हीं लापता लोगों के शव अब तेज धारा के साथ बहकर बराज तक पहुंच रहे हैं। नेपाल पुलिस और एपीएफ की टीम ने तीनों शवों को कब्जे में लिया है।
त्रिवेणी चौकी इंचार्ज एस.के. पाल ने बताया कि फिलहाल शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अस्पतालों में लापता लोगों के परिजन पहचान के लिए पहुंच रहे हैं। पहचान के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

बता दें, 26 तारीख को बांध टूटने के बाद जल संसाधन विभाग ने बराज के सभी फाटक खोल दिए थे। तेज बहाव में घर का सामान और शव आगे निकल गए थे। फाटक बंद होने के बाद पानी का बहाव थमा तो शवों के मिलने का सिलसिला तेज हो गया।
*नदी किनारे अलर्ट*
नेपाल सरकार ने गंडक किनारे चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस और एपीएफ के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। अधिकारियों को भी विशेष निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
