…..चीनी की बिक्री, बिलिंग, स्टॉक और डिस्पैच का सिस्टम ठप, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्जबगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट……..बगहा के सबसे बड़े उद्योग तिरुपति शुगर्स मिल, बगहा में बड़े साइबर हमले का मामला सामने आया है।मिल के कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग के महाप्रबंधक त्रिपुरारी कुमार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अज्ञात साइबर हैकरों के खिलाफ शिकायत की है।प्राथमिकी के अनुसार 18 से 20 अगस्त के बीच अज्ञात हैकरों ने मिल के मुख्य सर्वर और SAP सिस्टम को हैक कर लिया।इस दौरान कंपनी के महत्वपूर्ण डाटा को चोरी करने के साथ सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
आवेदन में मिल प्रबंधन ने साइबर हमले से करीब 100 करोड़ रुपये की क्षति होने का दावा किया है। वहीं लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का गोपनीय डाटा चोरी होने की बात कही गई है। SAP सिस्टम प्रभावित होने के कारण मिल में चीनी की बिक्री पूरी तरह ठप हो गई है। बिलिंग, स्टॉक और डिस्पैच से संबंधित पूरा सिस्टम भी प्रभावित है, जिससे मिल के कामकाज पर गंभीर असर पड़ा है।मिल के सर्वर में चीनी मिल के लेखा-जोखा के साथ किसानों के गन्ना भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण डाटा भी मौजूद था। ऐसे में साइबर हमले के बाद मिल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है और डाटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह रैनसमवेयर अटैक हो सकता है और हैकरों द्वारा डाटा वापस करने के एवज में मोटी रकम की मांग किए जाने की भी चर्चा है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की तकनीकी जांच के बाद ही हमले की वास्तविक प्रकृति और नुकसान का स्पष्ट पता चल सकेगा.
बोले केन जीएम
केन महाप्रबंधक बीएन त्रिपाठी ने बताया कि सॉफ्टवेयर हैक होने की जानकारी के बाद साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
