बगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट…
वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के लव-कुश घाट गांव में रविवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल महिला को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वाल्मीकिनगर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से महिला की जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, लव-कुश घाट निवासी सुंदरम कुमार की पत्नी रुक्मिणी देवी रविवार को घर के दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं। इसी दौरान वह पानी की मोटर चालू करने गईं। मोटर का स्विच ऑन करते समय अचानक बिजली का करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े तथा तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक सरिता कुमारी ने बताया कि महिला को करंट लगने के बाद तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है और फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं।
