चार दिवसीय छठ महापर्व का नहाय-खाय आज, व्रतियों ने शुद्धता और पवित्रता के साथ किया भोजन ग्रहण
नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार…………..
लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर सुबह से ही व्रतियों के घरों में विशेष उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। छठ व्रतियों ने स्नान कर घरों की साफ-सफाई की और पूरी शुद्धता एवं पवित्रता के साथ नहाय-खाय की रस्म पूरी की।
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रती स्नान करने के बाद शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। भोजन में मुख्य रूप से अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी और अन्य सात्विक व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इन व्यंजनों को शुद्ध देशी घी में पकाया जाता है। भोजन तैयार करने से लेकर ग्रहण करने तक विशेष साफ-सफाई और पवित्रता का ध्यान रखा जाता है।

नहाय-खाय के साथ ही व्रतियों का कठिन चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो जाता है। दूसरे दिन शनिवार को खरना की रस्म होगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर, रोटी तथा फल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा।
तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को नदी, तालाब और विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, नारियल, सूप, दउरा, गन्ना और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।

घरों से लेकर घाटों तक साफ-सफाई और तैयारियों का दौर जारी है। पूरा वातावरण छठी मैया के भक्ति गीतों से भक्तिमय बना हुआ है।
यह महापर्व आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।
