….बच्चों को कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया जागरूक
नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा प. चंपारण बिहार………………………………….
बगहा में बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित बचपन का महत्व समझाने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय बगहा के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर पैन इंडिया स्कूल अवेयरनेस कैंपेन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा की जानकारी दी।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष कन्हैया जी चौधरी के निर्देश पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति, बगहा के अध्यक्ष मनीष द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया।

अभियान के दौरान बच्चों को ‘मेरा शरीर, मेरी सुरक्षा’, ‘अपने अधिकार जानो’ तथा ‘कानून जानो और अपना भविष्य सुरक्षित रखो’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। न्यायिक पदाधिकारियों ने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, शोषण या अप्रिय स्थिति का सामना करने पर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी बात अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के सामने रखनी चाहिए।

जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
….विभिन्न विद्यालयों में पहुंचे न्यायिक पदाधिकारी.
अभियान के तहत जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम मनीष द्विवेदी ने सरकारी प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल, पठखौली में, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय रविरंजन ने तिरुपति शुगर मिल्स हाईस्कूल, नरईपुर में तथा जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ मानवेन्द्र मिश्रा ने मोंटफोर्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक किया।

विशेष न्यायाधीश, उत्पाद राजीव कुमार द्विवेदी ने सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बगहा-1 में, एसीजेएम प्रथम कीर्ति प्रसाद ने राजकीय मध्य विद्यालय, पठखौली, बगहा-2 में तथा एसीजेएम द्वितीय अविनाश कुमार ने राजकीय मध्य विद्यालय, रतनमाला में कार्यक्रम आयोजित किया।

इसी क्रम में एसडीजेएम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक कुमार चतुर्वेदी ने डीएम एकेडमी, बगहा में, मुंसिफ सुशील कुमार सिंह ने सिटी मोंटेसरी पब्लिक स्कूल, बगहा-1 में तथा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी आशीष कुमार पांडेय ने राजकीय मध्य विद्यालय, नरईपुर में बच्चों को कानूनी जानकारी दी।
वहीं, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी प्रियंका कुमारी ने राजकीय मध्य विद्यालय, पठखौली मलकौली में, अजय कुमार ने राजकीय मध्य विद्यालय, बगहा-1 कन्या में तथा तारिक शमिम ने राजकीय मध्य विद्यालय, पारसनगर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया। न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी राहुल राज ने राजकीय पीएमएस उर्दू अंजुमन, बगहा-1 तथा हीना नाज ने प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल, बगहा-1 में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों से अवगत कराया।
…….बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों पर जोर.
अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना, असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान करना सिखाना तथा शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि कानून उनकी सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए है। किसी भी कठिन परिस्थिति में बच्चों को मदद मांगने से हिचकना नहीं चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
