महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लिनिक को किया सील
………………………………..
ब्यूरो रिपोर्ट नरेंद्र पांडेय वाल्मीकि एक्सप्रेस बगहा बिहार………..
………………………………….
बड़ी खबर बगहा अनुमंडल के धनहा थाना क्षेत्र से है जहां तमकुहवा बाजार स्थित आराध्या हेल्थ सेंटर में बुधवार की शाम महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। मधुबनी पीएचसी प्रभारी आनंद कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गुरुवार दोपहर बाद अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान धनहा थाना की पुलिस भी मौजूद रही।
पीएचसी प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मधुबनी गांव निवासी दिनेश चौधरी की 35 वर्षीय पत्नी बांहुई देवी की बुधवार को आराध्या हेल्थ सेंटर में मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर अमित चौहान द्वारा महिला का बवासीर का ऑपरेशन किए जाने की जानकारी मिली है। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के संचालन की जांच की और उसे अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर सील कर दिया।

पीएचसी प्रभारी ने बताया कि अस्पताल के संचालक सह डॉक्टर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी की जाएगी। वहीं, धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, गुरुवार तक परिजनों या मधुबनी पीएचसी की ओर से थाना में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मधुबनी प्रखंड क्षेत्र में कई जगहों पर बिना आवश्यक अनुमति के अस्पताल, अल्ट्रासाउंड सेंटर और पैथोलॉजी लैब संचालित किए जा रहे हैं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ऐसे संस्थानों के खिलाफ नियमित कार्रवाई नहीं होने के कारण इनका संचालन लगातार जारी है। कुछ लोगों ने पीएचसी स्तर पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
महिला की मौत के बाद आराध्या हेल्थ सेंटर को सील किए जाने की कार्रवाई से अवैध चिकित्सा संस्थानों के संचालन पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब प्राथमिकी और जांच के बाद ही मामले में जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
