बेतिया से आशीष पाण्डेय की रिपोर्ट…
शहर के विश्वामित्र मार्केट में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से महसूस की जा रही सार्वजनिक शौचालय की जरूरत अब पूरी होने वाली है। नगर निगम के वार्ड 15 में 9 लाख 33 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति देखने के साथ गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों से भी सजग रहने की अपील की।
महापौर ने कहा कि मीना बाजार और विश्वामित्र मार्केट शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में दुकानदारों के साथ दूर-दराज से लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सार्वजनिक प्रसाधन की सुविधा का अभाव लंबे समय से परेशानी का कारण रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
स्थल निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखी। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और युवाओं से कहा कि वे निर्माण कार्य को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसकी गुणवत्ता की पहरेदारी में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली योजनाएं जनता की संपत्ति होती हैं। इसलिए निर्माण के दौरान हर स्तर पर पारदर्शिता और गुणवत्ता जरूरी है। महापौर ने स्थानीय लोगों से अपील की कि निर्माण में किसी तरह की कमी दिखे तो तत्काल नगर निगम को सूचना दें, ताकि समय रहते सुधार कराया जा सके।
