बेतिया से धर्मेंद्र सर्राफ की रिपोर्ट……..
खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय तलवारबाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
बेतिया के खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में चल रही इस प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल और एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने अपना वर्चस्व कायम रखा।
दूसरे दिन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल, फुर्ती और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रमंडलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय क्षमता : खेल पदाधिकारी
प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में तलवारबाजी खेल का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बच्चों की तकनीक और फुर्ती देखकर यह साफ है कि हमारे खिलाड़ियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की पूरी क्षमता है। बिहार सरकार और खेल प्राधिकरण ग्रामीण इलाकों से भी प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव संसाधन और मंच उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेतिया में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गर्व की बात है। इससे यहां के युवाओं में भी तलवारबाजी के प्रति रुचि बढ़ेगी।
दूसरे दिन के परिणाम
प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीन आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए।
अंडर-14 एपे इवेंट में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के अभिषेक कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पटना प्रमंडल के हिमांशु कुमार को द्वितीय स्थान मिला। वहीं पटना प्रमंडल के अंकित कुमार और एकलव्य केंद्र के दिव्यराज संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 फॉयल इवेंट में पटना प्रमंडल के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पटना के युवराज कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अभिषेक राज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पटना के शौर्य कुमार और एकलव्य केंद्र के कृष कुमार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-19 सेबर इवेंट के रोमांचक मुकाबले में पटना प्रमंडल के तीर्थ शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। तिरहुत प्रमंडल के प्रदीप कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि पटना के आदित्य कुमार और एकलव्य केंद्र के अद्विक राज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रेफरी की रही सराहनीय भूमिका
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में तकनीकी निर्णायकों की भूमिका बेहद सराहनीय रही। मैच रेफरी और निर्णायक मंडल में राकेश कुमार, अंकित कुमार गजबइये, राजन कुमार, शिवम कुमार, राजेश कुमार, संदीप राय और प्रवीण कुमार शामिल रहे, जिन्होंने अपने अनुभव से मैचों का सफल संचालन किया।
प्रतियोगिता का समापन 31 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम के लिए भी किया जा सकता है।
खेल प्रेमियों में इस प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक खेल भवन पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
