*थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा मामले को जल्द पर्दाफाश किया जाएगा*
बगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट………..
*प्रेमही दियारा में पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटे लाल यादव का शव बरामद, हत्या की आशंका*
मंगलवार की सुबह छोटेलाल यादव की अंतिम सुबह थी.से थे लापता, बुधवार को नाले में मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच की कार्रवाई.

बगहा पुलिस जिला के भितहा थाना क्षेत्र के प्रेमही दियारा में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भीतहा के पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटे लाल यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है । बताया जाता है कि छोटेलाल यादव मंगलवार की सुबह से ही लापता थे। वह पिछले कई वर्षों से दियारा क्षेत्र में रहकर खेती-बाड़ी का काम किया करते थे.

जबकि उनका परिवार बगहा में रहता था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार वह प्रेमही दियारा में हीरा यादव के घाट पर रहकर खेती का कार्य करते थे।
मंगलवार सुबह से उनका कोई पता नहीं चलने पर दियारा के ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार की सुबह प्रेमही नाले में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। शव को बाहर निकालकर पहचान की गई तो वह छोटे लाल यादव का चेहरा निकला। इसके बाद तत्काल भितहा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भितहा थानाध्यक्ष नरेश कुमार पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया।

घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजनों ने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा भेजा गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व प्रखंड प्रमुख रह चुके थे छोटे लाल यादव, जबकि उनके बड़े भाई रामाधार यादव सेमरबारी पंचायत के मुखिया हैं। छोटे लाल यादव वर्ष 2008 से 2011 तक भितहा प्रखंड प्रमुख के पद पर रह चुके थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पिता वासुदेव यादव, बड़े भाई रामाधार यादव समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी सविता देवी, दो पुत्र विशाल यादव और विकास यादव तथा पुत्री नीलम कुमारी को छोड़ गए हैं। पत्नी और बच्चों के करुण क्रंदन से पूरे परिवार और आसपास का माहौल गमगीन बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि छोटे लाल यादव मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। वह लंबे समय से दियारा क्षेत्र में रहकर खेती-बाड़ी करते थे और ग्रामीणों के साथ उनका अच्छा व्यवहार था। अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव मिलने से पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ कई सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के बाद ही छोटे लाल यादव की मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।
