…..जिले में 73 एंबुलेंस तैनात, मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सतर्क.
बेतिया से धर्मेंद्र सर्राफ की रिपोर्ट…..
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पश्चिम चंपारण जिले में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारी की है। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और संभावित स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों को देखते हुए 102 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट मोड पर रखा गया है। घाटों पर विशेष नजर रखने के साथ ही एंबुलेंस टीमों को हर समय तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

छठ महापर्व के दौरान संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य के समय नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी चुनौती बन सकती हैं। चक्कर आना, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी, फिसलकर चोट लगना, सड़क दुर्घटना और डूबने जैसी संभावित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस सेवा को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है।
राज्य सरकार के सहयोग से जेनप्लस सर्विसेज द्वारा संचालित 102 एंबुलेंस सेवा के तहत जिले में कुल 73 एंबुलेंस संचालित हैं। इनमें 19 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस), 50 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और चार शव वाहन शामिल हैं। प्रत्येक एंबुलेंस में चालक के साथ प्रशिक्षित ईएमटी की तैनाती रहती है, जो जरूरत पड़ने पर मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम हैं।
एंबुलेंस की उपलब्धता, तैनाती और रिस्पॉन्स टाइम की निगरानी ऑपरेशन टीम द्वारा लगातार की जा रही है। भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील घाटों के आसपास एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कॉल सेंटर टीम को भी अलर्ट रखा गया है, ताकि सूचना मिलते ही तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 में जिले में 102 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से कुल 6,209 मरीजों को सहायता पहुंचाई गई। इनमें 4,632 गर्भवती महिलाओं, 110 नवजात एवं गंभीर मरीजों, 205 सड़क दुर्घटना पीड़ितों तथा 1,262 अन्य मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जेनप्लस सर्विसेज बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि छठ के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में लोगों को तत्काल और भरोसेमंद चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। वहीं एसीओ नितेश कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं से घाटों पर सावधानी बरतने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा आपात स्थिति में 102 नंबर पर कॉल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा लेने की अपील की है।
