लौरिया से आशीष कुमार पांडेय की रिपोर्ट..
लौरिया-कैथवलिया मुख्य सड़क पर दुबौलिया कुटी के समीप मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के छवघरिया निवासी अदेया राम के 28 वर्षीय पुत्र प्रवेश राम तथा लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी शिवजी प्रसाद के पुत्र कमलेश साह के रूप में हुई है।

कमलेश साह पेशे से बिजली मिस्त्री हैं और बिजली मरम्मत के कार्य से बिजबनिया जा रहे थे। वहीं प्रवेश राम अपने मिश्रा टोला स्थित एक रिश्तेदार के घर से दुबौलिया स्थित दूसरे रिश्तेदार के घर जा रहे थे।

इसी दौरान दुबौलिया कुटी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर थाना लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बतादें कि आये दिन जिस प्रकार से मुख्य सड़क पर बाइक सवारों का आमने सामने की टक्कर हो रही है। इससे साफ झलकता है कि बेपरवाह हो कर लोग अपनी बाइक को चला रहे हैं। अभी हाल की घटना इसी तरह की योगापट्टी में हुई थी।

जिसमें एक प्रभात खबर के वरिष्ठ पत्रकार समीर वाजपेई की आमने-सामने की बाइक टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई थी। इससे आम लोगों को प्रेरणा लेना चाहिए कि अपने बाइक की गति कंट्रोल में रहे और दूसरों पर नजर बराबर बनी रहे। इससे समाज की बेहतर भलाई की गुंजाइश हो सकती है।
