लौरिया से आशीष पांडेय की रिपोर्ट….
बेतिया के मझौलिया में हत्या, लूट और अपहरण सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में करीब 30 वर्षों से फरार चल रहे अशेसर सहनी को मझौलिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली।
वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के निर्देश पर पुलिस टीम को अशेसर सहनी के पुरुषोतीपुर गांव में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने गांव में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के ढाब टोला निवासी धरम सहनी का पुत्र बताया गया है।

एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण के विभिन्न थानों में कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अपहरण, मारपीट, बलवा तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। मझौलिया थाने में भी उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब उससे पूछताछ कर पुराने मामलों में उसकी संलिप्तता तथा लंबे समय तक फरार रहने के दौरान उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया।
