बेतिया से धर्मेंद्र श्राफ की रिपोर्ट……….
बेतिया । लौरिया के बीजेपी विधायक विनय बिहारी अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए। समाहरणालय परिसर में गमछा बिछाकर धरना शुरू कर दिया। बोले- जब तक सम्राट चौधरी नहीं आएंगे, नहीं उठूंगा।
विधायक का आरोप है कि जोगापट्टी प्रखंड की 12 पंचायतों के सैकड़ों गांव गंडक की बाढ़ से डूबे हैं। सिसवा और मंगलपुर में कई घर नदी में समा गए हैं। लौरिया में सिकरहना, बलौर, मसान, पंडई नदियों से भी तबाही हुई है। प्रभावितों को पॉलीथिन शीट के अलावा राहत नहीं मिली।
विधायक ने बताया कि वह इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से 4 बार, आपदा प्रबंधन मंत्री से 2 बार और डीएम से कई बार मिल चुके हैं। 28 सितंबर को उन्होंने धरने का ऐलान किया था।
मंगलवार को 4 घंटे तक अधिकारियों से मुलाकात का इंतजार किया, जब बात नहीं बनी तो धरने पर बैठ गए। डीडीसी ने मनाने की कोशिश की, लेकिन विधायक अड़े रहे। कहा- ऊपर श्रीहरि, नीचे सम्राट चौधरी। सीएम खुद आकर देखें।
