बेतिया से आशीष पांडेय की रिपोर्ट….
बेतिया। पश्चिम चंपारण के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल प्रशिक्षण को उद्योगों की जरूरत से जोड़ने की तैयारी है। इसे लेकर समाहरणालय में सांसद डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें डीएम तरनजोत सिंह, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, डीडीसी काजले वैभव नितिन समेत भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑफ स्किल के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जिले में कौशल विकास की संभावनाओं और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण ऐसा हो, जिससे युवाओं को उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अनुरूप दक्ष बनाया जा सके। इसके लिए रोजगार बाजार में मांग वाले कौशल की पहचान कर प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने पर जोर दिया गया।
युवाओं की योग्यता और रुचि के अनुसार गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के साथ प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी मंथन हुआ। इसके लिए प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत बताई गई।

बैठक में कहा गया कि जिले में ही रोजगारपरक कौशल मिलने से युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि कौशल विकास का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को स्थायी रोजगार के अवसरों से जोड़ना होना चाहिए।
