लौरिया से आशीष कुमार पांडेय की रिपोर्ट..

कटैया पंचायत के कुट्टी कटैया पंचायत सरकार भवन में संचालित डाकघर लंबे समय से बंद रहने के कारण स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि डाकघर में कोई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता और अधिकांश समय कार्यालय बंद रहता है। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि बीपीन साह समेत विक्की कुमार, राजबली सिंह, संजय कुमार, बिहारी सिंह, परमात्मा सिंह, प्रीतम कुमार, उमेश सिंह व जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पहले यह डाकघर गांव के एक निजी भवन में चलता था, लेकिन वहां भी लोगों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिलती थी।

पंचायत सरकार भवन में स्थानांतरित होने के बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं आया। डाकघर से संबंधित सभी कार्यों के लिए लोगों को पांच किलोमीटर दूर लौरिया प्रधान डाकघर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और डाक विभाग से तत्काल नियमित कर्मियों की तैनाती कर डाकघर का संचालन शुरू कराने की मांग की है।
