नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट..
बृहद आश्रय गृह, बेतिया में एक विशेष मेहंदी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आश्रय गृह की बालिकाओं और महिलाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उनके भीतर छुपी कलात्मक प्रतिभा को निखारना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला से सुंदर व आकर्षक मेहंदी डिजाइनों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति (CWC) की सदस्य शोभा कुमारी, गृह अधीक्षिका पूजा श्रीवास्तव, काउंसलर खुशबू कुमारी, रूपम कुमारी, लेखापाल रंजीता सिंह, आस्था जायसवाल तथा संरक्षण अधिकारी (PO) अंकिता कुमारी विशेष रूप से मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के इस हुनर की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और उनका मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया।
गृह अधीक्षिका पूजा श्रीवास्तव ने कहा कि आश्रय गृह में रहने वाली बालिकाओं के चेहरे पर यह खुशी और उत्साह देखना हमारे लिए बेहद सुखद अनुभव है। ऐसे आयोजन न केवल बच्चों के मानसिक तनाव को कम करते हैं, बल्कि उनमें नई ऊर्जा और रचनात्मक सोच का संचार भी करते हैं।

अध्यक्ष नीलू झा ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं न केवल उनकी प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि उनमें एक नया आत्मविश्वास और सकारात्मकता भी भरती हैं। हमारी संस्था भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करती रहेगी।
सचिव प्रभात कुमार झा ने कहा कि आश्रय गृह की इन बच्चियों में अद्भुत प्रतिभा है, बस आवश्यकता है उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की। आज की मेहंदी प्रतियोगिता का मुख्य ध्येय इन्हें अपनी कला को अभिव्यक्त करने का एक मंच प्रदान करना था। हम CWC के सदस्यों, आश्रय गृह प्रशासन और अपनी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन हुआ। उक्त कार्यक्रम आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
