नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा बिहार…..*सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर, आयोजकों को दिए आवश्यक निर्देश**दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में सोमवार को डीएम तरनजोत सिंह और एसपी कुमार गौतम ने बेतिया शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने पावर हाउस, काली बाग, नाका चौक, बानूछापर सहित शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रवेश और निकास द्वारों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। साथ ही महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक साइनेज, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
