नरेंद्र पांडेय ब्यूरो रिपोर्ट बगहा बिहार….
प्रखंड बगहा-1 के भैरोगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मशहवा गांव में बच्चों द्वारा आपस में मिलकर बनाई गई खिचड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के 13 बच्चे बीमार पड़ गए। सभी बच्चों को उल्टी और लूज मोशन की शिकायत होने लगी, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में सभी बच्चों को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

..बच्चों ने घर पर ही बनाई थी खिचड़ी.
परिजनों के अनुसार, परिवार के सभी बड़े सदस्य अपने-अपने काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बच्चों ने आपस में मिलकर पार्टी करने की योजना बनाई और घर पर ही खिचड़ी तैयार की। बताया जा रहा है कि बच्चों ने खिचड़ी में बाजार से खरीदी गई मैगी, कुरकुरे सहित कुछ अन्य खाद्य सामग्री भी मिला दी थी। खिचड़ी खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों को उल्टी और लूज मोशन होने लगा। देखते ही देखते सभी बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
बच्चों की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
….चिकित्सकीय निगरानी में सभी बच्चे
अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. राजीव कुमार की देखरेख में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और इलाज जारी है।
बीमार बच्चों में मनीषा कुमारी (12 वर्ष), अंजली कुमारी (3 वर्ष), मुकेश कुमार (15 वर्ष), गीतांजलि कुमारी (3 वर्ष), शीला कुमारी (10 वर्ष), लक्की कुमार (3 वर्ष), पिंकी कुमारी (12 वर्ष), सलोनी (8 वर्ष), शीतल कुमार (3 वर्ष), सीनू कुमार (3 वर्ष), प्रीति कुमारी (10 वर्ष) सहित कुल 13 बच्चे शामिल हैं।

घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की स्थिति स्थिर बनी हुई है। खिचड़ी में मिलाई गई खाद्य सामग्री या किसी अन्य कारण से बच्चे बीमार हुए, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
