15 जुलाई से पश्चिम चम्पारण के 8 नए डिग्री कॉलेजों में शुरू होगी पढ़ाई।

माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा 15 जुलाई 2026 को राज्य के 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर पश्चिम चम्पारण के जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक की। बैठक में शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में कार्यक्रम का सफल, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है। इससे विद्यार्थियों को अपने ही प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन कम होगा तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी गरिमा एवं व्यवस्थित ढंग से किया जाए ताकि यह अवसर जिले के लिए यादगार बने।
उन्होंने बताया कि पश्चिम चम्पारण जिले में भी आठ नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। इनमें राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मझौलिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, चनपटिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, योगापट्टी; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बैरिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, ठकराहां; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिकटा; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, भितहा तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपरासी शामिल हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
